Search

May 16, 2026 2:20 am

महेशपुर थाना क्षेत्र में बस पड़ाव का न होना राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी।

एस कुमार

महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में बस पड़ाव नहीं रहने से दिन- दिन परेशानियां बढ़ने लगी हैं. वाहनों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफा और राहगीरों की आवाजाही में अंबेडकर चौक और डाकबंगला चौक में व्यस्तता से दुर्घटना की आशंका बढ़ने लगी है. प्रखंड मुख्यालय से पाकुड़, अमड़ापाड़ा, पाकुड़िया, दुमका, देवघर, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रांची और पश्चिम बंगाल के लाल गोला, रघुनाथगंज, रामपुरहाट, नलहाटी जाने की महत्वपूर्ण सड़कें गुजरी है. यही वजह है कि उक्त स्थल यातायात के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जाता है. कम दूरी और सुरक्षा के खयाल से नेता, मंत्री से लेकर उच्चाधिकारी भी रांची से पाकुड़ तक का सफर इसी सड़क होकर करते हैं. इस कारण से भी महेशपुर प्रखंड मुख्यालय का महत्व अधिक बढ़ गया है. विशेष कर स्कूल, कॉलेज आने-जाने वाले छात्र यात्री बस और अन्य वाहनों के एक साथ आवाजाही होने से प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक में भीड़ हमेशा बनी रहती है. बस स्टैंड की कमी से इसी स्थल के दोनों किनारे स्कूली बच्चे, ग्राहक, यात्री, राहगीर के साथ-साथ वाहनों को खड़ा किया जाता है तथा लगभग रोजाना ही आंशिक धक्का, तू-तू -मैं- मैं करते लोगों को देखने को मिलती है.

नहीं है अंबेडकर चौक में शौचालय और पेयजल सुविधा

जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन के उदासीन रवैया के कारण अंबेडकर चौक समस्याओं से घिरा हुआ है. यहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. जिसके कारण आने जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. मालूम हो कि उक्त चौक से प्रतिदिन दर्जनों छोटी-बड़ी यात्री वाहन यहां से खुलती है परंतु यात्रियों की सुविधाओं के लिए यहां ना तो बस स्टैंड है ना ही यात्री शेड है ना ही शौचालय और ना ही पेयजल की सुविधा बहाल है. बताते चलें कि कई वर्षों पहले अंबेडकर चौक में शौचालय बनाया गया था और पेयजल को लेकर टंकी बैठाया गया था. लेकिन यहां के यात्रियों को आज तक वो सुविधा नहीं मिल पाई है.

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!