अर्थ दंड जमा नहीं करने पर वाहन मालिकों पर की जाएगी कार्रवाई, उपायुक्त।
सतनाम सिंह
उपायुक्त मनीष कुमार ने पिछले दिनों सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को कैसे कम किया जाए, अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सरल बनाने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत निरंतर वाहन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। अबतक 1 दिसम्बर से 18 दिसम्बर तक कुल 270 वाहनों का चालान काटा गया। काटे गए चालान में अर्थदंड की राशि 19 लाख 53 हजार 970 रुपए है जबकि जमा किए गए अर्थदण्ड की राशि 2 लाख 47 हजार 950 रुपए है। शेष बकाया राशि 17 लाख 620 रुपए है जिसे जमा करने की आवश्यकता है।
ई-चालान जमा नहीं करने वालों का वाहन कर लिया जाएगा जब्त
जिला परिवहन पदाधिकारी पाकुड़ संजय पीएम कुजूर ने बताया कि मोटरवाहन अधिनियम 2019 के विभिन्न धाराओं एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी दो पहिया, चार पहिया एवं अन्य व्यवसायिक वाहनों पर ई-चालान के माध्यम से चालान निर्गत किया जा रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन स्वामियों / चालकों से अनुरोध किया कि गत एवं वर्तमान माह में आपके वाहनों पर किसी भी प्रकार का ई-चालान (परिवहन विभाग के द्वारा) निर्गत किया गया है तो वैसे वाहन स्वामी एवं चालक अपने ई-चालान (परिवहन विभाग) के द्वारा अधिरोपित दण्ड की राशि का भुगतान एक सप्ताह के अन्दर परिवहन विभाग के द्वारा बनाये गये ऑनलाईन पोर्टल, http://echallan.parivahan.gov.in पर कराना सुनिश्चित किया जाय। ई-चालान की राशि जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित वाहन (जूर्माना किये गये) को नियम संगत ब्लैकलिस्टेड करने के साथ उक्त सभी वाहन स्वामियों / चालकों के विरूद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किया जायेगा।






