पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। चुनावी पाठशालाओं और विद्यालयों-महाविद्यालयों में बने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में भावी मतदाताओं को नाम जोड़ने, सुधार, विलोपन और मतदाता सूची को अपडेट कराने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशासन ने युवाओं से अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। अभियान के दौरान बीएलओ, वालंटियर और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दूरस्थ और पीवीटीजी क्षेत्रों में भी कार्यक्रमों की निगरानी की गई। प्रखंडवार वरीय अधिकारियों ने पहुंचकर अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है। सभी पात्र नागरिकों की भागीदारी से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाया जाएगा।










