पाकुड़। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय नामांकन समिति की बैठक में प्रखंड स्तर से भेजी गई छात्राओं की सूची की समीक्षा के बाद सर्वसम्मति से अनुमोदन दिया गया।
बैठक में कक्षा 6, 7, 8, 9 और 11 में नामांकन के लिए चयनित छात्राओं की सूची पर चर्चा की गई। जिले में कक्षा 6 की 425 सीटों के मुकाबले 414, कक्षा 7 में 34 में से 33, कक्षा 8 में 30 में से 29, कक्षा 9 में 41 में से 37 और कक्षा 11 में 65 सीटों के विरुद्ध 41 छात्राओं का चयन किया गया है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ग्रामीण और वंचित वर्ग की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तय मानकों के अनुसार समय पर पूरी की जाए, ताकि योग्य छात्राओं को शिक्षा का लाभ मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, बीईईओ, एडीपीओ, एपीओ सहित संबंधित विद्यालयों की वार्डेन मौजूद रहीं।





