पाकुड़। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मालगोदाम रोड स्थित दोनों फुट ओवरब्रिज के नीचे जल्द ही स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) लगाई जाएंगी। इससे मालगोदाम पथ की ओर से आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को टिकट लेने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के अध्यक्ष हिसाबी राय द्वारा पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा को सौंपे गए मांग पत्र के आलोक में यह पहल की गई। इसी क्रम में स्टेशन प्रबंधक पूर्व रेलवे पाकुड़ लखीराम हेम्ब्रम और यातायात निरीक्षक (वाणिज्य) रामपुरहाट सौरभ कुमार दास के नेतृत्व में संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हावड़ा छोर और मालदा छोर स्थित दोनों फुट ओवरब्रिज के पास एटीवीएम लगाने के लिए स्थल का चयन किया गया। सभी संबंधित अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर एटीवीएम स्थापना पर सहमति जताते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई पूरी करने की योजना बनाई। इस मौके पर वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) पाकुड़ परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अभियंता राजू कुमार, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे, ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के सचिव राणा शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके बाद पाकुड़ रेलवे स्टेशन एवं परिसर का मासिक निरीक्षण स्टेशन सुधार समूह द्वारा किया गया। निरीक्षण सहायक अभियंता रामपुरहाट विश्वजीत मंडल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक हावड़ा गौरचंद किस्कू, सहायक संकेत एवं दूरभाष अभियंता रामपुरहाट मुकेश कुमार चौधरी और सहायक सुरक्षा आयुक्त रामपुरहाट राजकुमार साहू के नेतृत्व में हुआ। निरीक्षण में तय किया गया कि स्थानीय स्तर पर किए जा सकने वाले कार्य अगले निरीक्षण से पहले पूरे किए जाएंगे। प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर शौचालय की व्यवस्था, हावड़ा छोर के फुट ओवरब्रिज पर दो सीसीटीवी कैमरे तथा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा गया। सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त जांच प्रतिवेदन तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा स्टेशन परिसर में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए एक अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट और नए विद्युत खंभे लगाने, दोनों प्लेटफॉर्म पर स्टील चेयर लगाने तथा खराब पड़े वॉटर प्यूरीफायर की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (संकेत) रणधीर कुमार भी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन की इन पहलों से पाकुड़ स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।










