राजकुमार भगत
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का केंद्रीय अधिवेशन रांची में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झामुमो नेताओं ने पाकुड़ जिले से लाखों की उगाही किए है। अभी – अभी झामुमो नेता के वायरल ऑडियो से यह साबित हो गया कि किस प्रकार झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सरकारी पदाधिकारियों को धमका कर पैसे की मांग कर रहे हैं। वायरल ऑडियो में झामुमो नेता ने स्पष्ट कहा कि उनके जिलाध्यक्ष का सख्त निर्देश है कि झामुमो के केंदीय अधिवेशन को सफल करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं तमाम सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों से अवैध वसूली किया जाए । वायरल ऑडियो में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का राज है और इस राज्य में हेमंत सोरेन के प्रतिष्ठा बचाने के लिए हर हाल में उगाही करने ही होगी। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी के इशारे पर ही पाकुड़ जिले में भ्रष्टाचार का खेल आज चरम सीमा पर है। अब तक तो हेमंत सोरेन सरकार में प्रखंड कार्यालय और सभी सरकारी कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बने हुए थे लेकिन अब झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता भी भ्रष्टाचार का खेल, खेल रहे हैं। जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस के शासन में जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है। सरकार जनता की फिक्र छोड़ अवैध रूप से पत्थरों का परिचालन, कोयले का परिचालन कर रही है। पाकुड़ की भोली भाली जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा का चाल चरित्र चेहरा अब जनता के बीच आ गया है। झामुमो नेताओं के द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के अनैतिक कार्य का भारतीय जनता पार्टी कड़ा विरोध करती है। समाज के सजग़ प्रहरी होने के नाते भारतीय जनता पार्टी हेमंत सरकार एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस भ्रष्टाचार के इस षडयंत्र को जनता के बीच ले जाएगी।