विधायक निसात ने योजना का किया शिलान्यास।
खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर बुनियादी सुविधा: निसात।
पाकुड़: नगर के रानी ज्योतिर्मयी (आरजे) स्टेडियम परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने स्टेडियम परिसर में चेंजिंग रूम के निर्माण एवं पुराने शौचालय की मरम्मत कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।यह निर्माण कार्य झारखंड सरकार की अनाबद्ध निधि योजना के तहत 13.41 लाख रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया जाएगा।

खिलाड़ियों की समस्याएं होंगी दूर: निसात
शिलापट्ट का अनावरण करने के बाद उपस्थित लोगों और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक निसात आलम ने कहा पाकुड़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें बेहतर अवसर और सही सुविधाएं देने की जरूरत है। स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को पोशाक बदलने और अभ्यास के दौरान शौचालय की सुविधा न होने से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस निर्माण कार्य के पूरे होने से हमारे युवा खिलाड़ियों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलेगा। हमारी सरकार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।विधायक ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि खिलाड़ियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों में खुशी की लहर
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने इस पहल पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्टेडियम में इन बुनियादी सुविधाओं की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक ने गंभीरता से लेते हुए पूरा किया है।
ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता और जिला प्रशासन (उपायुक्त, पाकुड़) की देखरेख में इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल संघों के प्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।







