Search

July 14, 2026 5:12 am

26 घंटे बाद खत्म हुआ कोयला सड़क जाम, वार्ता के बाद मिला चार लाख मुआवजे का आश्वासन।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : कोयला परिवहन सड़क पर सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर जारी गतिरोध सोमवार को करीब 26 घंटे बाद समाप्त हो गया। प्रशासन, कोल कंपनी और ग्रामीणों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने तथा अन्य मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया और शव का अंतिम संस्कार किया। जाम समाप्त होते ही कोयला परिवहन भी सामान्य हो गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को महेशपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव के पास कोयला परिवहन सड़क पर खड़ी एक हाइवा से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई थी। हादसे में बासकेन्द्री गांव के मांझी टोला निवासी 22 वर्षीय हेमलाल मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी ले जाया गया, जहां अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। उन्होंने कोलकीपाड़ा के पास शव रखकर कोयला परिवहन सड़क जाम कर दी। रविवार भर चली बातचीत किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी, जिससे सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और कोयला परिवहन पूरी तरह ठप रहा।
सोमवार सुबह एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में प्रशासन ने दोबारा वार्ता शुरू की। लंबी बातचीत के बाद कोल कंपनी ने मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये मुआवजा देने और अन्य मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर सड़क खाली कर दी गई। जाम हटने के साथ ही कोयला परिवहन फिर से शुरू हो गया। मौके पर एसडीपीओ विजय कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनूप रौशन भेंगरा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, अतिरिक्त पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

img 20260713 wa00233585284172960356079
img 20260713 wa00267281901075568485887

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!