पाकुड़। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र से एक संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कुमार गौरव ने किया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहनों से नगर क्षेत्र सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम लोगों से संवाद कर उन्हें त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
एसडीओ साइमन मरांडी ने बताया कि टाउन थाना, मुफस्सिल थाना और मालपहाड़ी ओपी सहित जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

अफवाहों और हुड़दंग पर सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ कुमार गौरव ने कहा कि “बकरीद का त्योहार शांति और भाईचारे का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।”

ड्रोन और कंट्रोल रूम से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जिले में विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है, जो चौबीसों घंटे निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।







