सतनाम सिंह
पाकुड़: पाकुड़ के पुराना सदर अस्पताल से अंबेडकर चौक तक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने एक कैंडल मार्च निकाला और आरजीकेएम मेडिकल कॉलेज कोलकाता में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या के विरोध में श्रद्धांजलि दी।इस मार्च में डॉक्टर विन्दुभूषण, डॉक्टर श्याम भगत, डॉक्टर अमित कुमार, डॉक्टर डोमेनिका,डॉक्टर मनीष कुमार सहित दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। उन्होंने सरकार से इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने और पीड़िता और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।उन्होंने समाज से भी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए जागरूकता फैलाने और ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह घटना हमारे समाज के नैतिक पतन और कानून व्यवस्था की असफलता का प्रतीक है।मार्च में शामिल डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि हमारे समाज की एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर के साथ ड्यूटी के दौरान जो भयावह और अमानवीय घटना घटी, वह न केवल चिकित्सा समुदाय के लिए बल्कि संपूर्ण समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।उन्होंने कहा कि हम अपनी महिलाओं और समाज के उन लोगों की सुरक्षा के प्रति कितने असंवेदनशील हो गए हैं जो दिन-रात हमारे लिए सेवा में समर्पित हैं।







