पाकुड़/ जिले में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आमड़ापाड़ा प्रखंड कार्यालय में दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतिम दिन कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सरकार द्वारा निर्धारित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले 50 आवेदकों को मौके पर ही लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। यह शिविर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने सफल अभ्यर्थियों के बीच लर्नर लाइसेंस का वितरण किया।
शिविर के दौरान नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन, हिट एंड रन दुर्घटना पीड़ितों के लिए सरकारी मुआवजा, कैशलेस उपचार, गुड सेमेरिटन (रहवीर) योजना तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आगामी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय शिविरों का लाभ उठाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की अपील की। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।








