राजकुमार भगत
पाकुड़। पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल के अंतर्गत पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को महिला रेलकर्मियों एवं रेलवे कर्मचारियों के परिजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 महिला कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और बालिकाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने जरूरतमंदों को परामर्श दिया, जबकि विस्तृत जांच की आवश्यकता वाले मरीजों को आगे के उपचार के लिए रामपुरहाट रेलवे अस्पताल रेफर किया गया।
शिविर में हावड़ा रेलवे अस्पताल की ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. दीपा अरुण तथा रामपुरहाट हेल्थ यूनिट के डॉ. अब्दुल समीम मियां ने स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। इस अवसर पर बताया गया कि रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह रेलवे चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन, पाकुड़ शाखा ने बताया कि सितंबर 2026 में एक मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की स्वास्थ्य जांच करेंगे। यूनियन के अनुसार इस व्यवस्था को नियमित बनाने के लिए मंडल रेल प्रबंधक, हावड़ा तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, हावड़ा से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। शिविर के सफल आयोजन में ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन, पाकुड़ शाखा के अमर कुमार मल्होत्रा, संजीत कुमार, निलेश प्रकाश, विक्रम भारती, शाखा सचिव संजय कुमार ओझा तथा कार्यालय अधीक्षक संतोष कुमार की सक्रिय भूमिका रही।






