अवैध खनन-परिवहन पर जीरो टॉलरेंस, डीसी ने दिया सख्त आदेश।
12 वाहन जब्त, 6 एफआईआर दर्ज।
पाकुड़। जिले में अवैध खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक हुई, जिसमें अवैध कोयला, पत्थर, बालू उठाव और भंडारण पर लगाम कसने को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जून-जुलाई के बीच अवैध खनन और परिवहन के कुल 6 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है और 12 वाहन जब्त किए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्रवाई तेज और प्रभावी हो, सिर्फ कागजी नहीं। ओवरलोड वाहनों और फर्जी चालानों की भी सघन जांच की जाए। डीसी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को आदेश दिया कि अवैध खनन से जुड़े माफियाओं पर सीधी और ठोस कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि हर चेक पोस्ट को एक्टिव मोड में रखा जाए, कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बैठक में कहा कि जिले में अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्रीय चेकपोस्टों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। बैठक में जिला स्तर के सभी वरीय अधिकारी, खनन निरीक्षक, सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।






