राजकुमार भगत
पाकुड़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पाकुड़ जिला की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को राजापाड़ा स्थित राजवाड़ी परिसर में जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महगामा के पूर्व विधायक अशोक कुमार उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए अशोक कुमार ने कहा कि आगामी 25 अप्रैल को रांची में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राज्यव्यापी आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी और सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने 17 अप्रैल 2026 की राजनीतिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों—कांग्रेस, झामुमो, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी—पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से समर्थन नहीं दिया। बैठक में जिला एवं संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, अमृत पांडेय, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, जिला उपाध्यक्ष शर्मिला रजक, सुनील पहाड़िया, हिसाबी राय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, कार्यालय मंत्री सुशील शाह, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, त्रिलोचन दास, मोजेश टुडू, बनेसर टुडू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, महिला मोर्चा के कार्यक्रम को सफल बनाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई।





