Search

August 22, 2026 10:55 pm

नगर परिषद बोर्ड की बैठक में विकास योजनाओं पर मुहर, अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा—हर वार्ड में जरूरत के हिसाब से होगा काम।

पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए शनिवार को नगर परिषद सभागार में बोर्ड की सामान्य बैठक हुई। अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के 21 वार्डों से जुड़े सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्क, बाजार और अन्य नागरिक सुविधाओं के कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में मौजूद पार्षदों की सहमति से कई विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। वहीं पांच पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी सहित 19 वार्ड पार्षद शामिल हुए। दो पार्षद स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा से हुई। इसके बाद निर्धारित एजेंडों पर वार्डवार विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।

अध्यक्ष ने कहा- शहर का विकास प्राथमिकता

नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में नागरिकों की जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करना बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं को नियमों के तहत धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में किसी वार्ड की उपेक्षा नहीं होगी। जहां जिस सुविधा की आवश्यकता है, वहां उसी प्राथमिकता के आधार पर योजना तैयार कर काम कराया जाएगा। नगर परिषद का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

21 वार्डों के लिए 16वें वित्त आयोग की राशि से योजनाओं को मंजूरी

बैठक में 16वें वित्त आयोग की राशि से नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में जनकल्याणकारी योजनाओं को स्वीकृति देने पर सहमति बनी। हालांकि बैठक का बहिष्कार करने वाले पार्षदों के वार्ड संख्या 3, 4, 12, 13 और 17 की योजनाओं पर चर्चा नहीं हो सकी। इन वार्डों से संबंधित योजनाएं बोर्ड से पारित नहीं हुईं। स्वीकृत प्रस्तावों में वार्ड संख्या 20 और 21 में सड़क-सह-नाली निर्माण, वार्ड संख्या 7, 11, 20 और 21 में बोरिंग, वार्ड संख्या 8 में यूरिनल निर्माण तथा वार्ड संख्या 11 में सड़क निर्माण शामिल है। शहर में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।

पार्क, छठ घाट और मार्केट कॉम्प्लेक्स पर भी जोर

बैठक में वार्ड संख्या 6 में छठ घाट एवं मुखाग्नि स्थल निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई। वहीं मार्केट कॉम्प्लेक्स-सह-विवाह भवन निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। वीर कुंवर सिंह चौक/भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहर में पार्क एवं सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर करने, बच्चों के लिए पार्क में सुविधाएं विकसित करने तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। खराब चापाकलों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और सार्वजनिक स्थलों पर सूचना पट्ट एवं साइनेज लगाने जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

दुर्गा मंदिर के सामने नाली का होगा जीर्णोद्धार

वार्ड संख्या 19 के कालिकापुर में दुर्गा मंदिर के समीप नाली के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। इसके लिए स्थल सीमांकन को लेकर अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर सहमति बनी। बैठक में शहर के खुले क्षेत्रों में घूमने वाले पशुओं की समस्या पर भी चर्चा हुई और इसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

पांच पार्षदों ने किया बैठक का बहिष्कार

एजेंडा पर चर्चा शुरू होने के बाद वार्ड पार्षद किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी और आलमगीर आलम ने बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर निकल गए। इसके बाद मौजूद पार्षदों ने शेष एजेंडों पर चर्चा की और कई प्रस्तावों को बहुमत से पारित किया। बैठक में पार्षद निभा देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, पूनम देवी, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत और गुड्डू कुमार भगत सहित प्रधान सहायक देवाशीष देव बर्मन एवं नगर परिषद के कर्मी मौजूद रहे।

img 20260822 wa00091297902334761070676
img 20260822 wa00086060695889181403266

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!