एकजुटता से ही मजबूत होगी पत्रकारों की आवाज, जल्द बनेगी प्रखंड व जिला कमिटी : अरविंद ठाकुर
पाकुड़। पत्रकार सुरक्षा कानून, बीमा सुविधा, झूठे मुकदमों से निजात और पत्रकारों के अधिकारों को लेकर झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की पाकुड़ इकाई की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को शहर के मुस्कान होटल सभागार में आयोजित हुई। जिला प्रभारी अरविंद ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संगठन के विस्तार, प्रखंड एवं जिला कमिटी के गठन को लेकर रणनीति तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि सबसे पहले जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से कमिटी का गठन किया जाएगा। इसके बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जिला कमिटी का गठन किया जाएगा। आगामी 5 जुलाई को अगली बैठक आयोजित कर जिले के अधिक से अधिक पत्रकारों को जोड़ने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी अरविंद ठाकुर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, लेकिन आज कई पत्रकारों को खबर लिखने के दौरान दबाव, धमकी और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब पत्रकार संगठित होंगे, तभी उनकी समस्याओं का मजबूती से समाधान संभव होगा। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और अन्य मूलभूत अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहा है। पत्रकारों पर झूठे मुकदमे, मानसिक और आर्थिक दबाव जैसे मामलों को लेकर संगठन गंभीर है और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानून बनाने, समाचार संकलन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान और पत्रकारों के सम्मान व अधिकारों की रक्षा को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने की संभावना पर भी चर्चा की गई। जिला प्रभारी ने बताया कि पाकुड़ जिला कमिटी के गठन के बाद राजधानी रांची में जेजेए का भव्य प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक में गोड्डा जिला प्रभारी मकसूद आलम, सतनाम सिंह, बलराम ठाकुर, प्रीतम सिंह यादव, शमशेर आलम, यासिर अराफात, सुदीप त्रिवेदी, काजीरुल शेख, अभिषेक तिवारी, बजरंग पंडित, रविशंकर मिश्रा, विजय कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।







