Search

June 18, 2026 1:37 am

अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त, रामगढ़ एवं उपायुक्त रांची द्वारा जारी किया गया संयुक्त आदेश

अक्षय कुमार सिंह की रिपोर्ट

रामगढ़। अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक सुनिश्चित करने एवं विभिन्न स्रोतों से रामगढ़ एवं रांची जिला के सीमावर्ती इलाकों यथा बरलंगा, सिल्ली आदि में कोयले की तस्करी की सूचना प्राप्त होने, साथ ही ओरमांझी व रामगढ़ जिले के सीमावर्ती क्षेत्र यथा खीराबेड़ा आदि क्षेत्रों में अवैध पत्थर खनन, भंडारण, क्रशर संचालन की सूचना प्राप्त होने तथा दोनों स्थलों पर अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन पर रोक सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त, रामगढ़ चंदन कुमार एवं उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से आदेश जारी किया गया है। संयुक्त आदेश द्वारा छापेमारी दल का गठन किया गया है जिनमें अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़/ रांची, जिला खनन पदाधिकारी रामगढ़/ रांची, खान निरीक्षक रामगढ़/ रांची, अंचल अधिकारी गोला/ओरमांझी/सिल्ली / रामगढ़, अंचल निरीक्षक गोला/ ओरमांझी/सिल्ली/ रामगढ़, थाना प्रभारी बरलंगा/ रामगढ़/ सिल्ली/ओरमांझी होंगे। छापामारी दल द्वारा अवैध खनन स्थलों को चिन्हित करते हुए अवैध रूप से संचालित क्रशर, पत्थर भंडारण आदि को ध्वस्त कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छापामारी दल द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा। उपायुक्त, रामगढ़ एवं उपायुक्त, रांची द्वारा संयुक्त रूप से आदेश जारी करने के उपरांत अब अधिकार क्षेत्र का लाभ लेकर कोई भी अवैध कार्य संचालित नहीं हो पाएगा वहीं कोई भी मामला सामने आने पर संबंधित क्षेत्र के थाना में ही प्राथमिक दर्ज कराई जाएगी साथ ही अवैध खनन संबंधित कोई भी जब्ती व नीलामी भी संबंधित क्षेत्रीय प्रशासन के माध्यम से की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!