Search

August 20, 2026 11:41 pm

जमीन विवाद में पत्रकार पर हमला, रॉड से वार कर किया घायल

सुंदरपुर में सीमांकन विवाद के बीच मारपीट, पत्नी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत; सीओ ने मौके पर पहुंचकर की जांच।

हिरणपुर (पाकुड़): हिरणपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में जमीन विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान स्थानीय पत्रकार अजित ठाकुर पर कथित रूप से रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घायल पत्रकार की पत्नी एवं सेविका श्रावणी प्रामाणिक ने मामले में गांव के चार लोगों के खिलाफ हिरणपुर थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, श्रावणी प्रामाणिक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगी थीं। इसी दौरान गांव के संजीव रजक, शंकर रजक, सीलोन रजक और मिलन रजक कथित रूप से हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और आंगन में बने पक्के सीमांकन को तोड़ते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। विरोध के बाद सभी वहां से चले गए।
आरोप है कि कुछ देर बाद जब पत्रकार अजित ठाकुर घर पहुंचे तो उक्त लोग दोबारा आए और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान लोहे की रॉड से सिर पर वार किए जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनका इलाज कराया गया।
इधर, जमीन विवाद की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विवादित भूमि की जांच की और आवश्यक जानकारी जुटाई। वहीं, हिरणपुर पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!