केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा है लागू
पाकुड़: झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 रविवार को पाकुड़ जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिले के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षार्थियों की जांच व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की है। इस दौरान पांच या अधिक लोगों के एकत्रित होने, भीड़ लगाने, जुलूस निकालने और परीक्षा कार्य में बाधा पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, उड़नदस्ता टीम और गश्ती दल की तैनाती की गई है।जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा को स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।वहीं निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने स्पष्ट किया कि कदाचार या नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








