पलामू: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ कौड़ियां इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आपसी प्रेम संबंध में विवाद इतना बढ़ गया कि ममेरे भाई ने अपनी ही बहन की टांगी से काटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, बिट्टू कुमार सिंह और उसकी ममेरी बहन खुशबू कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताया जा रहा था। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बिट्टू ने घर में रखी टांगी से खुशबू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं सोमवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि खुशबू अपने मामा के घर में रहकर पढ़ाई कर रही थी और घटना की रात दोनों एक ही कमरे में सोए हुए थे।
सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध में विवाद का प्रतीत होता है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी को बरामद कर लिया है और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
घटना की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में इस घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है।
यह घटना न केवल रिश्तों को शर्मसार करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि गुस्सा और गलत फैसले किस तरह जिंदगी को खत्म कर देते हैं।










