पाकुड़: पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत तसर विभाग परिसर में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित राजद के पाकुड़ जिलाध्यक्ष महाबीर मड़ैया ने नवनिर्वाचित कृषि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लाल मरांडी को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।इसके साथ ही लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सभी नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्षों को भी जिलाध्यक्ष द्वारा बधाई व शुभकामनाएं दी गईं।
किसानों को समय पर मिले बीज और सुविधाएं: जिलाध्यक्ष
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महाबीर मरैया ने नवनिर्वाचित कृषि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लाल मरांडी को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाल मरांडी पाकुड़ जिले के सभी छह प्रखंडों का दौरा करें और आम जनमानस सहित किसान भाइयों को मूलभूत सुविधाएं दिलवाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।आगामी दिनों में खेती-किसानी का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में किसानों को समय पर उत्तम क्वालिटी के बीज का वितरण सुनिश्चित कराना और कृषि से संबंधित हर सरकारी सुविधा उन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ सीधे खेतों तक पहुंचे, इसके लिए संगठन का हर कार्यकर्ता सजग प्रहरी की तरह काम करे।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान
संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजद को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम आयोजित करें और बूथ कमेटियों को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना और उनके हक-अधिकार की लड़ाई लड़ना ही राजद का मुख्य उद्देश्य है। बिजली, पानी और अस्पताल जैसी बुनियादी समस्याओं पर जनता को कोई परेशानी न हो, इसके लिए राजद लगातार जमीन पर संघर्ष करेगा।सम्मान समारोह में मुख्य रूप से जिला सचिव हजरत शेख, लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष मनोज बढ़ैया, नवनिर्वाचित कृषि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लाल मरांडी, अमड़ापाड़ा के प्रखंड अध्यक्ष विनोद ठाकुर सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।








