पाकुड़। झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा क्षेत्र में फर्जी माइनिंग चालान के सहारे अवैध पत्थर परिवहन का मामला सामने आया है। औचक जांच अभियान के दौरान खान निरीक्षण दल ने एक 18 चक्का टेलर वाहन को जब्त किया, जिसमें लगभग 1100 घनफुट से जायदा स्टोन चिप्स लदा हुआ था। जांच के बाद वाहन को जब्त कर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बीते दिन बुधवार शाम को जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार के निदेशानुसार खान निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह एवं नवीन कुजूर द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान सीमा क्षेत्र स्थित चेक नाका पर माइनिंग चालान जांच अभियान चलाया जा रहा था इसी दौरान एक हाईवा (नंबर WB93E-5262) को रोककर माइनिंग चालान की मांग की गई, वाहन चालक ने जिम्स पोर्टल से संबंधित परिवहन चालान प्रस्तुत किया, लेकिन प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों पर संदेह उत्पन्न हुआ। इसके बाद पोर्टल पर चालान का सत्यापन किया गया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि प्रस्तुत चालान सिस्टम पर जारी ही नहीं किया गया था। जांच में यह चालान पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसी बीच जांच के दौरान वाहन चालक मौके का लाभ उठाकर फरार हो गया। इसके बाद दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में वाहन को जब्त कर लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मुफस्सिल थाना को सुपुर्द कर दिया गया। खान निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि फर्जी चालान के माध्यम से खनिज परिवहन एक गंभीर अपराध है, जिससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति होती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। खान निरीक्षक ने बताया कि जिले में फर्जी माइनिंग चालान के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पूर्व में भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। आगे भी औचक जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध खनिज परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।






