पाकुड़/ लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू के प्रयास से अमड़ापाड़ा प्रखंड के सिंगारसी पंचायत अंतर्गत डोगरोजोला गांव निवासी 25 वर्षीय मजदूर अन्थोनी मुर्मू का शव तमिलनाडु से उसके पैतृक गांव पहुंच सका। शव पहुंचने के बाद परिजनों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किया और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया। बताया जाता है कि अन्थोनी मुर्मू केरल में मजदूरी करता था। घर लौटने के दौरान तमिलनाडु में ट्रेन यात्रा के बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परदेस में हुई मौत के बाद परिवार के सामने शव को गांव लाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी।
मृतक के पिता और पत्नी ने मामले की जानकारी झामुमो प्रखंड समिति को दी। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों ने विधायक हेमलाल मुर्मू को घटना से अवगत कराया। विधायक ने तत्काल पहल करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संपर्क किया और शव को तमिलनाडु से रांची लाने की व्यवस्था कराई। रांची पहुंचने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से शनिवार रात शव डोगरोजोला गांव लाया गया। शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने विधायक के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो सकी। मृतक के परिवार ने विधायक हेमलाल मुर्मू के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कठिन समय में उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए बड़ी मदद की। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा, प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, थॉमस मुर्मू, कालीदास मुर्मू, जिला मीडिया प्रभारी आफताब आलम, बैजल टुडू, अजीत कुमार सहित मृतक के पिता अमीन मुर्मू, पत्नी बास्की और अन्य ग्रामीण मौजूद थे।





