Search

July 16, 2026 6:06 pm

पाकुड़ के संतु कुमार यादव का JSCA सीनियर फिटनेस कैंप में चयन, रणजी टीम की दावेदारी हुई मजबूत।

पाकुड़। जिले के उभरते क्रिकेटर संतु कुमार यादव का चयन झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सीनियर मेंस फिटनेस कैंप (सीजन 2026-27) के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल संतु के क्रिकेट करियर के लिए बड़ा पड़ाव है, बल्कि पाकुड़ क्रिकेट के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है। JSCA के मानद सचिव सौरभ तिवारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार संतु 20 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में आयोजित फिटनेस कैंप में भाग लेंगे। उन्हें 19 जुलाई की शाम तीन बजे के बाद रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। यह कैंप आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। इसी आधार पर झारखंड की रणजी ट्रॉफी और अंडर-23 टीम के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ऐसे में संतु के पास राज्य की सीनियर टीम में जगह बनाने का सुनहरा अवसर होगा। संतु ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। खासकर झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) में उनके प्रभावशाली खेल ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। बल्लेबाजी के साथ ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें झारखंड क्रिकेट की उभरती प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है।
उनके चयन पर पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ में खुशी की लहर है। संघ के सचिव प्रणय तिवारी, कोषाध्यक्ष एवं निजी कोच गणपत सिंह, उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार, JSCA प्रशासक समिति के सदस्य बीरेंद्र कुमार पाठक, गौरव चौधरी और सोमेन घोष ने संतु को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह फिटनेस कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह, आशुतोष यादव, अरिजीत मंडल, गौरव घोष और तुषार घोष ने भी संतु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और अनुशासन उन्हें रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े मंच तक जरूर पहुंचाएंगे। संतु कुमार यादव का यह चयन उनके संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। साथ ही यह पाकुड़ के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा है कि समर्पण और निरंतर प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तर तक पहुंचा जा सकता है।

img 20260716 wa00165755910026221423003
संतु कुमार यादव,पाकुड
img 20260716 wa00145715974954132515377
पाकुड़ क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष एवं निजी कोच, गणपत कुमार
img 20260716 wa00151191697083207665542
पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव, प्रणय तिवारी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!