250 ग्राम चांदी बरामद, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी।
बजरंग पंडित
पाकुड़ में शिव शीतला मंदिर परिसर स्थित शाकंभरी माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में नगर थाना पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू अंसारी (19 वर्ष), रिंकू अंसारी (26 वर्ष), और असलम अंसारी (27 वर्ष) शामिल हैं। तीनों नलपोखर, नगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के घर की तलाशी के दौरान करीब 250 ग्राम चांदी का गला हुआ टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी हरदेव प्रसाद ने बताया कि 10 दिसंबर 2024 को शिव शीतला मंदिर परिसर में शाकंभरी माता मंदिर में हुई चोरी में ये तीनों अभियुक्त संलिप्त थे। इस कांड में और भी अपराधी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनके खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस चोरी ने स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय निवासियों ने संतोष जताया है और फरार अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।





