एसडीपीओ ने मासिक अपराध गोष्ठी में दिए दिशा निर्देश
बजरंग पंडित
पाकुड़: पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्टी बैठक की. बैठक में एसडीपीओ ने बारी- बारी से थानों के लंबित कांडों, यूडी से संबंधित लंबित कांडों, पूर्व से तथा विगत माह तक के सभी प्रकार के लंबित व प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा करने के पश्चात उसके त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिये. साथ ही अंतर्राज्यीय अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने का सख्त निर्देश दिया. गोष्ठी में फिरारियों की सूची तैयार कर सत्यापन करने, वारंटियों की गिरफ्तारी करने, नियमित रूप से दिवा, संध्या और रात्रि गश्ती करने का निर्देश दिये. उन्होंने बताया कि जेल से मुक्त हुए अपराधियों जिनमें आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती वाले अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा बेहतर पुलिसिंग से ही पीड़ितों को न्याय मिलेगी। न्याय फाइलों तक ही सिमटा नहीं रहे बल्कि वे पीड़ितों तक भी पहुंचे ताकि आमलोगों की मन में पुलिस के प्रति आस्था,श्रद्धा तथा विश्वास पैदा हो।एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना पर आने वाले पीड़ितों से अच्छा व्यवहार करें तथा उनकी परेशानियों को गंभीरता से लेकर उसके तत्क्षण निवारण का प्रयास करें।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने हेतु रात्रि तथा संध्या गश्ती को तेज किया जाए। लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाया जाए ताकि दोषियों को जहां जल्द सजा मिल सके । वहीं पीडि़तों को न्याय मिल सके।अवैध कोयला पत्थर बालू के परिवहन भंडारा पर पूर्णता रोक लगाने एवं उक्त अवैध कार्यों से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध शक्ति से विधिसम्मत कार्रवाई करें।साथ ही अवैध लॉटरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश भी दिया एवं आगामी दुर्गा पूजा व विस चुनाव को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।मौके पर नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर हरदेव प्रसाद, मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय, एससी-एसटी थाना प्रभारी डीडी रवि समेत अन्य मौजूद रहे।






