पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को अधिकारी बताकर एक युवक को झांसे में लिया और धमकी देकर उससे ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, हिरानपुर निवासी अमित भास्कर को 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “पंकज सिंह” और “राजा कुमार” नाम से परिचित कराते हुए खुद को अधिकारी बताया। ठगों ने युवक से कहा कि पुराने नोट के बदले उसे मुंहमांगी कीमत मिलेगी। लालच में आकर अमित ने उनकी बातों पर भरोसा कर लिया और पहले चरण में फोन-पे के माध्यम से करीब 9,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने दबाव बढ़ाते हुए और पैसे की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने युवक को केस में फंसाने और घर से उठवा लेने तक की धमकी दी। डर और मानसिक दबाव का फायदा उठाकर आरोपियों ने दो से तीन लाख रुपये तक की अतिरिक्त मांग की। जब युवक को संदेह हुआ और उसने आगे पैसे भेजने से इनकार किया, तो दोनों नंबर बंद हो गए और पूरी ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित अमित भास्कर ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और इस घटना से वह आर्थिक और मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया है। इधर, नगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






