पाकुड़। चांदपुर टोटो चेक पोस्ट पर कथित अवैध वसूली और अनियमितताओं को लेकर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या-09) पिंकी मंडल ने मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है। पिंकी मंडल ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने 04 जून 2026 को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 25 जून को पुनः अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की विस्तृत जांच कराने तथा संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि टोटो चालकों से लिया जा रहा शुल्क आखिर किस आदेश के आधार पर वसूला जा रहा है? क्या इसके लिए कोई विभागीय अनुमति है और जमा की गई राशि किस मद में जा रही है? उन्होंने कहा कि अगर वसूली पूरी तरह वैध है तो प्रशासन को इससे जुड़े सभी आदेश और रिकॉर्ड सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि टोटो चालक मेहनत कर परिवार चलाते हैं और कई चालक कर्ज लेकर वाहन खरीदते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक दबाव उनके लिए बड़ी परेशानी बन सकता है। पिंकी मंडल ने साफ किया कि यह मामला किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि नियमों की स्पष्टता और जनहित से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और अगर व्यवस्था सही है तो उसकी पूरी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से जल्द निष्पक्ष पहल की मांग करते हुए कहा कि गरीब और मेहनतकश टोटो चालकों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।






