तुपकाडीह(बोकारो)। नहर किनारे पुरनाडीह स्थित मां सरस्वती विद्या मंदिर में गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले गणतंत्र दिवस में चार चांद लगाने का कार्य किया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य बीके सिंह ने झंडा फहराकर सभी देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं भेंट की। वहीं उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान का अध्ययन करने एवं संविधान में बताए गए मौलिक कर्तव्य एवं मौलिक अधिकार को अपने जीवन में उतरने की बात कही। श्री सिंह ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र का प्रमुख चेहरा है। हमारा देश संविधान से चलता है और भारत के प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक कामदेव महतो ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भेंट करते हुए सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को बच्चो के जीवन में मौलिक कर्तव्य का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों में उच्च नैतिक गुण का विकास करने की बात कही। इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर उर्वशी भारती क्षेत्र से बाहर रहने के कारण वर्चुअल रूप से विद्यार्थियों तक अपनी शुभकामनाएं दी। वही इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी गई। इस अवसर पर स्थानीय मुखिया शांति देवी ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं भेंट करते हुए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम की तारीफ की।







