राजकुमार भगत
पाकुड़। गुरुवार को स्थानीय डायट भवन पाकुड़ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से एक दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें जिले के 21 विद्यालयों के छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शनी का उद्घाटन संयुक्त रूप से उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल, सहायक समाहर्ता डॉ कृष्णकांत कनवाड़िया, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती रजनी देवी, एरिया ऑफिसर जुही रानी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। तत्पश्चात छात्र- छात्राओं द्वारा बनाए गए प्रदर्शनी का उपायुक्त ने अवलोकन किया तथा विधार्थियों से रूबरू हुए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शनी पर हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र-छात्र-छात्राओं सराहा और आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। उन्होंने उपस्थित विधार्थियों को कहा कि प्रश्न पूछने में किसी तरह की झिझक नहीं होना चाहिए। इससे आप में वैज्ञानिक समझ का विकास होगा तथा आपको समस्याओं के समाधान की ओर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम होने से आप अपनी प्रदर्शनी बना पाएंगे और अपनी कमी को खोज सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि पैदा करना है । कार्यक्रम के अंत में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान लाने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।









