Search

July 23, 2026 1:09 pm

डीसी आवास के पास युवक को टक्कर मारकर भाग रही स्कॉर्पियो पकड़ी गई, अंदर खैनी के बोरे देख पुलिस भी रह गई हैरान

शमसेरगंज से महेशपुर ले जाई जा रही थी खैनी, पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में डीसी आवास के समीप बीती देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए स्कॉर्पियो का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवा लिया। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो वाहन के अंदर बड़े-बड़े बोरे देखकर चौंक गई। बोरों में भारी मात्रा में ‘टिक टॉक खैनी’ लदी हुई थी।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीपीओ कुमार गौरव भी थाना पहुंचे और चालक से पूछताछ की। वाहन की जांच के दौरान उसमें रखे बोरों के बारे में चालक से जानकारी ली गई, जिस पर उसने बोरों में खैनी होने की बात बताई। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

शमसेरगंज से महेशपुर ले जाने की बात

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि स्कॉर्पियो में लदी खैनी पश्चिम बंगाल के शमसेरगंज थाना क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे पाकुड़ जिले के महेशपुर ले जाया जा रहा था। हालांकि, वाहन में खैनी की वास्तविक मात्रा कितनी है और इसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में होगी वाहन की विस्तृत जांच

एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद वाहन की विधिवत और विस्तृत तलाशी ली जाएगी। इसके बाद बरामद खैनी की सही मात्रा, कागजात और वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

img 20260723 wa0007784067898706201655

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!