Search

July 5, 2026 10:01 am

SIR-2026: मतदाता सूची में नाम बचाने की कवायद तेज, 30 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ।

राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर डीडीसी ने मांगा सहयोग, बोले- पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटेगा।

सतनाम सिंह

पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डीडीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाएंगे। इस दौरान किसी भी मतदाता से दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। बीएलओ द्वारा मतदाता की नवीनतम फोटो मोबाइल से ली जाएगी और भरे हुए गणना प्रपत्र जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता समय सीमा के अंदर गणना प्रपत्र जरूर भरें, ताकि उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची-2026 में शामिल रहे। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के तहत संचालित की जा रही है। किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा। बैठक में राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करें और मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व SIR की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी। वहीं जिनका या उनके माता-पिता का नाम पूर्व SIR सूची में नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा तय 11 दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति देनी होगी। केवल आधार कार्ड पर्याप्त नहीं माना जाएगा। बताया गया कि दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक रहेगी। सत्यापन प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। प्रशासन ने प्रवासी मजदूरों और बाहर पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए भी सुविधा की जानकारी दी। वे इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से गणना प्रपत्र प्राप्त कर हस्ताक्षर के बाद बीएलओ को भेज सकते हैं।
बैठक में पाकुड़ एवं महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

img 20260629 wa00776183941257995173730
img 20260629 wa0078167848805463446960

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!