Search

April 29, 2026 10:26 am

गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण, उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर गैस देने का निर्देश

माप-तौल पदाधिकारी ने वितरण व्यवस्था और सिलेंडर उपलब्धता का लिया जायजा, अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पाकुड़: जिले में घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माप-तौल पदाधिकारी ने पाकुड़िया क्षेत्र स्थित एम/एस राज रानी एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
एजेंसी संचालक एवं एचपी गैस वितरक अरुण कुमार भगत ने बताया कि पाकुड़िया क्षेत्र में घरेलू और वाणिज्यिक दोनों प्रकार के गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी आवश्यक आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। निरीक्षण के दौरान माप-तौल पदाधिकारी श्रीमती शशि संगीता बाड़ा ने एजेंसी संचालक को निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही गैस उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी गैस एजेंसियों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!