Search

July 2, 2026 9:20 pm

महेशपुर-अमरापाड़ा रोड पर 20 दिन से टूटी पुलिया, विभाग बेखबर, हर गुजरता वाहन हादसे के साए में।

महेशपुर-अमरापाड़ा मुख्य मार्ग पर गोवलपाड़ा गांव स्थित सरिता पेट्रोल पंप के समीप पुलिया का स्लैब टूटने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। करीब 20 दिनों से पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बावजूद पथ निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे इस व्यस्त मार्ग पर हर दिन हजारों वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया का स्लैब टूटने के बाद लोहे की सरिया बाहर निकल आई है। इसके बावजूद मौके पर न बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। रात के अंधेरे और बारिश के दौरान गड्ढा दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीण सुनील मुर्मू ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढे की वजह से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हाल ही में एक स्कूल ऑटो भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचा। उन्होंने कहा कि कई बार विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महेशपुर-अमरापाड़ा मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है। इसी रास्ते से एंबुलेंस, स्कूल वाहन, बसें और मालवाहक वाहन सहित प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुलिया की मरम्मत में हो रही देरी लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग से तत्काल पुलिया की मरम्मत कराने और तब तक सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!