सनातन के प्रति आस्था को पुर्नजीवित करते हैं ऐसे अनुष्ठान – डॉ मेहता
गाँव की आस्था, एकता एवं सांस्कृतिक समरसता का केंद्र बनेगा यह मंदिर – कमलेश
संजय कुमार गुप्ता
पांकी / पलामू :
पिपराटांड थाना क्षेत्र के नवडीहा टू पंचायत अंतर्गत ग्राम सिरम में नव निर्मित शिव शक्ति मंदिर एवं संकट मोचन मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कलश यात्रा को लेकर आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु महिला, पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा में शामिल हुए। यात्रा सिरम से निकलकर अमानत नदी के पावन तट पर पहुंची, जहां विद्वान आचार्य केदार पाण्डेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। इसके पश्चात श्रद्धालु पवित्र जल से भरे कलश लेकर यज्ञ स्थल पहुंचे।
कलश यात्रा की विशेष आकर्षण घोड़ा और सुसज्जित रथ रहा।
नवडीहा टू पंचायत के मुखिया सह पांकी मुखिया संघ के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह घोड़े पर सवार होकर शोभायात्रा में साथ चल रहे थे,वहीं सुसज्जित रथ पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता और मंदिर निर्माणकर्ता सह प्रख्यात समाजसेवी कमलेश सिंह सवार थे।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने धर्म और संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और सनातन धर्म के प्रति आस्था को पुनर्जीवित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है, जो अत्यंत आवश्यक है।विधायक ने समाजसेवी कमलेश सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने निजी खर्च से मंदिर का निर्माण कराकर एक अनुकरणीय कार्य किया है। आज ऐसे ही समर्पित और समाज के प्रति जिम्मेदार लोगों के कारण ही सनातन समाज मजबूत हो रहा है और हम एकजुटता की दिशा में आगे बढ़ रहें है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग जनप्रतिनिधि जिनमें कांग्रेस नेता मुकेश सिंह चंदेल,प्रद्युमन सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह,पूर्व मुखिया मिथलेश सिंह उर्फ़ मिट्ठू सिंह, संजीव सिंह, गोपाल सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, साकेत सिंह, कमलेश सिंह, विजय मिश्रा, संतु सिंह, केदार प्रसाद गुप्ता रामाधार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरा वातावरण हर हर महादेव, और जय श्रीरामके जयघोष से गूंज उठा, जिससे गांव पूरी तरह भक्तिमय हो गया।









