सतनाम सिंह
पाकुड़ शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित शहरकॉल में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। बीती रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के गहने, नगद और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक चुरा ली। परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदार के यहां शादी में गए हुए थे, और घर पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने घर के पीछे का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला, जब घर के मालिक अनुज भगत शादी समारोह से लौटे। अनुज भगत ने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में नगर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। कुछ दिन पहले मां शाकंभरी मंदिर में भी लगभग 5 से 7 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए थे। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने इस नई घटना के पीछे के चोरों को पकड़ने के लिए जांच तेज कर दी है।





