Search

April 16, 2026 12:27 am

पेपर लीक करने वाले संगठित अपराधी गिरोहों के खिलाफ वृहद कार्रवाई की मांग: विजय शंकर नायक

रांची: आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय शंकर नायक ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखते हुए राज्य में पेपर लीक करने वाले संगठित अपराधी गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि झारखंड पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ऐसे गिरोहों का वृहद डाटाबेस तैयार करे और इसे पड़ोसी राज्यों के साथ साझा करे, ताकि इनकी सतत निगरानी संभव हो सके।

परीक्षाओं में धांधली से राज्य का भविष्य प्रभावित


नायक ने पत्र में कहा कि राज्य गठन के बाद से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के तहत आयोजित परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। इससे राज्य के छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों का भविष्य प्रभावित हुआ है, वहीं सरकार की साख भी धूमिल हुई है।

उन्होंने कहा कि इन धांधलियों के कारण युवाओं का आक्रोश बढ़ रहा है, जो आए दिन आंदोलनों के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को इस समस्या का समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

संपत्ति जब्ती और आजीवन सजा का प्रावधान


नायक ने यह भी मांग की कि झारखंड लोक परीक्षा अधिनियम के तहत पेपर लीक में शामिल अपराधियों की संपत्ति जब्त की जाए। इसके साथ ही उनकी वंशावली (फैमिली ट्री) तैयार कर काली कमाई का लाभ उठाने वाले रिश्तेदारों पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोषियों के लिए आजीवन सजा का प्रावधान करने की मांग की।

पड़ोसी राज्यों से सहयोग की मांग


नायक ने सुझाव दिया कि ऐसे संगठित अपराधी गिरोहों का डाटाबेस बनाने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों के साथ जानकारी साझा की जाए। इसके अलावा, कोचिंग संस्थानों, परीक्षा एजेंसियों और एजुकेशनल कंसल्टेंसी की भूमिका की जांच और उनका डाटाबेस तैयार करने पर जोर दिया।

धांधली में संलिप्त परीक्षा एजेंसियों पर जुर्माना


उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रतियोगी परीक्षा में किसी परीक्षा एजेंसी या केंद्र की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उनकी चल-अचल संपत्ति जब्त कर परीक्षा पर हुए खर्च को जुर्माने के रूप में वसूला जाए। साथ ही, कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं संचालित करने वाले केंद्रों का भी डाटाबेस तैयार करने की बात कही।

युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पहल आवश्यक


नायक ने सरकार से अपील की कि इस दिशा में ठोस और सकारात्मक पहल की जाए, ताकि झारखंड के छात्रों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो और राज्य की प्रतिष्ठा को बहाल किया जा सके।


भवदीय:
विजय शंकर नायक
केंद्रीय उपाध्यक्ष, आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच
पूर्व विधायक प्रत्याशी

img 20241221 wa00493752269705866050605

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!