[ad_1]
नई दिल्ली. टीम इंडिया को वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में हार मिली. ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हराया. यह कंगारू टीम का छठा वनडे वर्ल्ड कप का खिताब है. मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 240 रन बनाए थे. जवाब में ट्रेविस हेड के शतक के सहारे ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य को 4 विकेट पर हासिल कर लिया. हेड ने 137 रन बनाए. भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ और सपोर्ट स्टाफ का कार्यवाल वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो रहा है. अब देखना होगा कि क्या द्रविड़ का कार्यकाल बढ़ता है या नहीं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद द्रविड़ ने कहा कि मैं अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर नहीं सोच रहा. मैं अभी फ्यूचर को लेकर कुछ नहीं कह सकता.
टीम इंडिया ने अंतिम बार 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जीता था. तब कोच गैरी कर्स्टन थे. 2015 में टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी. उस समय कोच जिम्बाब्वे के डंकन फ्लेचर थे. वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद फ्लेचर को कोच पद से हटा दिया गया. इसके बाद रवि शास्त्री टीम से जुड़े. हालांकि बाद में अनिल कुंबले नए कोच बने. लेकिन 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली हार के बाद कुंबले और कप्तान विराट कोहली में मतभेद को गया. इसके बाद कुंबले की जगह रवि शास्त्री नए कोच बनाए गए.
शास्त्री भी नहीं जीत सके आईसीसी टूर्नामेंट
विराट कोहली और रवि शास्त्री के कार्यकाल में टीम इंडिया ने विदेशी धरती पर अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन शास्त्री के कार्यकाल में भारतीय टीम को 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में, 2021 में वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में और 2021 के ही टी20 वर्ल्ड कप में हार मिली. यानी इस दौरान टीम आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में नाकाम रही. इसके बाद शास्त्री की जगह राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का नया कोच बनाया गया था. साथ ही विराट कोहली की जगह रोहित शर्मा को तीनों फॉर्मेट की कमान मिली.
लक्ष्मण बन सकते हैं नए कोच
राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भी टीम इंडिया अब तक आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीत सकी है. 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हार मिली थी. 2023 में पहले टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली. इसके बाद अब वनडे वर्ल्ड कप का खिताब भी टीम ने गंवा दिया. द्रविड़ के बाद वीवीएस लक्ष्मण टीम के नए कोच बनाए जा सकते हैं. अभी वे एनसीए के हेड हैं. वे द्रविड़ की अनुपस्थिति में साथ के साथ विदेशी दौरे पर जाते रहे हैं. द्रविड़ भी कोच बनने से पहले एनसीए से जुड़े हुए थे.
World Cup Final: अंतिम 40 ओवर में सिर्फ 4 बाउंड्री, 18 अतिरिक्त रन भी दिए, भारत की हार के 5 कारण
अगला वर्ल्ड कप दूर नहीं है. जून 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में संयुक्त रूप से टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है. वनडे की तरह टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का टीम इंडिया को लंबे समय से इंतजार है. भारतीय टीम ने अंतिम और एकमात्र बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब 2007 में जीता था. तब कप्तान एमएस धोनी थे. धोनी के बाद से कोई भारतीय कप्तान आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत सका है. विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा तक का यह अंतिम वर्ल्ड कप माना जा रहा है.
.
Tags: Australia, Rahul Dravid, Team india, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : November 20, 2023, 06:01 IST
[ad_2]
Source link










