डीसी ने दी कार्य की स्वीकृति
पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड स्थित दुर्गापुर डैम को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। जिला परिषद अध्यक्ष जुली क्रिस्टीमणी हेम्ब्रम द्वारा क्षेत्र के विकास को लेकर किए जा रहे प्रयास अब रंग लाते दिख रहे हैं। वर्तमान डीसी मेघा भारद्वाज ने इस महत्वाकांक्षी योजना पर अपनी मुहर लगाते हुए कार्य की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
छह माह पूर्व तत्कालीन डीसी को सौंपा गया था आवेदन
दुर्गापुर डैम के कायाकल्प की यह कवायद नई नहीं है। इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा लगभग छह महीने पहले जिले के तत्कालीन उपायुक्त मनीष कुमार को एक मांग पत्र सौंपा गया था। इसके बाद, हाल ही में वर्तमान जिला प्रशासन को दोबारा औपचारिक पत्र भेजकर इस योजना को अमलीजामा पहनाने का आग्रह किया गया था, जिस पर अब जिला प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए काम को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
डैम में चलेंगे मोटर बोट और वाटर स्कूटर
जिला परिषद कार्यालय द्वारा जारी पत्रांक के अनुसार, दुर्गापुर डैम को पर्यटकों के लिए आकर्षक और सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। स्वीकृत योजना के तहत यहाँ जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) को बढ़ावा देने के लिए मुख्य रूप से 2 मोटर बोट एवं 1 वाटर स्कूटर की मांग की गई थी।
रोजगार के नए अवसरों से समृद्ध होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
इस डैम के सौंदर्यीकरण और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी। जिला परिषद अध्यक्ष के अनुसार, पर्यटन स्थल बनने से यहाँ न केवल पाकुड़ बल्कि बाहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग घूमने आएंगे। इससे आसपास के गांवों के स्थानीय लोगों के लिए कैंटीन, छोटी दुकानों और अन्य सेवाओं के माध्यम से रोजी-रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी।





