सतनाम सिंह
02 जुलाई से 04 जुलाई तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान
उपायुक्त ने कहा 0 से 5 वर्ष का एक भी बच्चा पोलियोरोधी दवा पीने से न छूटे
पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को सिविल सर्जन डॉ मंटू कुमार टेकरीवाल की अध्यक्षता में नगर परिषद कार्यालय सभागार में अर्बन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ मंटू कुमार टेकरीवाल के द्वारा सभी विभाग के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी कि पल्स पोलियो अभियान 2 जुलाई से 4 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रथम दिन यानी 2 जुलाई को अभिभावक बूथ पर जाकर अपने बच्चे को पोलियो की खुराक पिला सकते हैं वही 3 एवं 4 जुलाई को सहियाओं व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में 11,652 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। सिविल सर्जन ने अन्य संबंधित अधिकारियों को पल्स पोलियो अभियान को पाकुड़ जिले में सफल बनाने के मद्देनजर आवश्यक निर्देश दिए। योजनाबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का निर्देश दिया।
वहीं प्रशासक,नगर परिषद कोशलेश कुमार यादव ने कहा कि कार्यक्रम का प्रचार प्रसार शहर की अंदर चलने वाली कूड़ा गाड़ी के माध्यम से किया जाएगा और घर-घर जागरूकता फैलाने के लिए स्वयं सहायता ग्रुप भी महिलाओं को आगे आने हेतु प्रोत्साहित करेंगे। अन्य एनजीओ के द्वारा रैली निकालकर पल्स पोलियो से संबंधित जानकारी आमलोगों को देंगे।उपायुक्त वरूण रंजन ने कहा कि पोलियो संबंधित बीमारी जड़ से मिटाना है। इसलिए पल्स पोलियो अभियान में पांच वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियोरोधी दवा पीने से छूट न जाए। उन्होंने सभी को नजदीकी बूथों पर अपने बच्चों को लेजाकर पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की है।मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पाकुड़ डॉ के. के. सिंह, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ० शिरीष कुमार, सिटी मिशन मैनेजर, सीआरपी (एनयूएलएम)एमडी आलमगीर आलम (ANO-NCC) अनिल कुमार, नेहरू युवा केंद्र, मीरा फाउंडेशन गणेश रजक, प्रेसिडेंट लायंस क्लब के सुरेश कुमार, महिला आरोग्य समिति के सभी सदस्यगण,पल्स पोलियो के सभी सुपरवाइजर एवं डीयूएचएम) विनोद वर्मा, डीपीसी चंद्रशेखर चौधरी, डीडीएम प्रताप कुमार, पीएचएम फहीम अख्तर एवं (बीटीटी)अंगद पांडेय शहरी सहिया समेत अन्य उपस्थित थे।







