महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर क्षेत्र के 12 बीघा निवासी रविंदर यादव के घर में मंगलवार को एक विशालकाय सांप निकलने से परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही लोगों ने घर से दूरी बना ली और इसकी सूचना वन्यजीव संरक्षक एवं स्नेक रेस्क्यूअर अशरफुल शेख को दी।
जानकारी मिलते ही अशरफुल शेख अपनी टीम और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान किसी व्यक्ति या सांप को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अशरफुल शेख ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान इंडियन रैट स्नेक (धामन) के रूप में हुई है। इसकी लंबाई करीब 9 फीट आंकी गई। सांप उस समय अपनी केंचुल (त्वचा) छोड़ने की प्रक्रिया में था। इस दौरान वह अपेक्षाकृत सुस्त और संवेदनशील अवस्था में रहता है। उन्होंने बताया कि धामन सांप विषहीन होता है और मुख्य रूप से चूहों तथा अन्य छोटे जीवों को खाकर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लोगों को ऐसे सांप दिखने पर घबराने के बजाय वन्यजीव विशेषज्ञों या रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और सफल रेस्क्यू के लिए अशरफुल शेख एवं उनकी टीम की सराहना की।






