Search

March 19, 2026 5:27 pm

मासिक अपराध गोष्ठी में समीक्षा, सुरक्षा और निगरानी को लेकर मिले निर्देश

जनता को सुरक्षा, अपराधियों को सजा — एसडीपीओ का सख्त संदेश

पाकुड़: पाकुड़ में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी पाकुड़ अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित हुई।बैठक की शुरुआत एसडीपीओ ने बीते माह में क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा से की। उन्होंने अपराध दर में वृद्धि अथवा कमी, मामलों के निष्पादन की स्थिति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों की प्रगति, तथा न्यायालय में लंबित चार्जशीट की अद्यतन स्थिति पर जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और जनता को कानून का भय तथा सुरक्षा का विश्वास दोनों महसूस हो। एसडीपीओ ने कहा चेकिंग अभियान और रात्रि गश्ती को नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर नियंत्रण रखने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाए।बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामलों की त्वरित जांच और निष्पादन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में पारदर्शिता और गति लाने के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाए।

अपराधियों की निगरानी जरूरी

एसडीपीओ ने कहा कि थाने अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित अपराधियों, जमानत पर रिहा अपराधियों और संदिग्ध तत्वों की सतत निगरानी रखें। सीसीटीवी फुटेज, गुप्तचर रिपोर्ट और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय रखें। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाली आम जनता के साथ संवेदनशीलता और विनम्रता से पेश आएं और उनकी शिकायतों का शीघ्र निष्पादन हो।

जनसंपर्क और सोशल मीडिया का उपयोग बढ़ाएं

एसडीपीओ ने निर्देश दिया कि पुलिस को अपनी सकारात्मक छवि बनाने के लिए जनसंपर्क बढ़ाना होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाएं और पुलिस के अच्छे कार्यों को सामने लाया जाए ताकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े।

अंत में सामूहिक रूप से लिया गया संकल्प

बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों ने यह संकल्प लिया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे। एसडीपीओ दयानंद आजाद ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें और हर स्तर पर जवाबदेही तय करें।गोष्ठी में मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय, पाकुड़ नगर थाना के इंस्पेक्टर प्रयाग दास, हिरणपुर थाना प्रभारी, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी, तथा महिला थाना प्रभारी व इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

img 20250503 wa00178108165033065014128
img 20250503 wa00164667580595309556737

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर