विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और हेमलाल मुर्मू हुए शामिल, सौहार्द का दिया संदेश।
इकबाल हुसैन
पाकुड़। जिले के सर्किट हाउस में मंगलवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन सादगी और सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर और केक काटकर किया। आयोजन में झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला सचिव माइकल मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश साझा किया।
विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि क्रिसमस पर्व प्रेम, शांति, त्याग और सेवा का प्रतीक है। यह समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की मदद करने तथा मानवता के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं। कार्यक्रम में सभी वर्गों और समुदायों की सहभागिता देखने को मिली। क्रिसमस कैरोल और आपसी मिलन से पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा। अंत में अतिथियों ने जिले में शांति, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की।







