Search

February 22, 2026 1:28 am

गणतंत्र दिवस की तैयारी तेज, 26 जनवरी को होगा भव्य आयोजन।

रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में सुबह 9:05 बजे सामूहिक झंडोत्तोलन, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

पाकुड़ | 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें समारोह की रूपरेखा तय की गई और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस से जुड़े सभी कार्य समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सुबह 9:05 बजे मुख्य समारोह

Also Read: E-paper 20-01-26

गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में पूर्वाह्न 9:05 बजे आयोजित होगा, जहां सामूहिक झंडोत्तोलन और परेड होगी। परेड के लिए 21, 22 और 23 जनवरी को अभ्यास, जबकि 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल कराई जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल सर्जन को एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रभात फेरी से लेकर मैराथन तक आयोजन

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 24 जनवरी को साइकिलिंग कार्यक्रम, 25 जनवरी को मैराथन दौड़ आयोजित होगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों की झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। बीते वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

20 जनवरी तक शहर की सफाई, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

उपायुक्त ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि 20 जनवरी तक शहर में व्यापक सफाई अभियान पूरा किया जाए, खासकर रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम तक जाने वाली सड़कों और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
यातायात व्यवस्था के तहत 25 जनवरी को सुबह 6 से 9 बजे तक और 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की जाएगी।

शाम को टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम

26 जनवरी की संध्या 6 बजे से रविंद्र भवन (टाउन हॉल), पाकुड़ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण का समय

Also Read: E-paper 08-01-26

समाहरणालय – 10:45 बजे
जिला परिषद – 11:00 बजे
अनुमंडल कार्यालय – 11:10 बजे
रेड क्रॉस सोसायटी – 11:20 बजे
पुलिस लाइन – 11:30 बजे

बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर