Search

February 4, 2026 9:29 pm

किसी के लिए आप एक व्यक्ति हो सकते हैं लेकिन
“आप अपने परिवार की पूरी दुनिया हैं” — डॉ दिलीप ( प्राचार्य )

सड़क सुरक्षा माह के समापन पर प्राचार्य डॉ. दिलीप राम का भावुक संदेश
हेलमेट पहनने और सावधानी पर दिया जोर

Also Read: E-paper 01-01-26

पांकी / पलामू | संजय कुमार गुप्ता

मजदूर किसान महाविद्यालय, पांकी में सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह का आयोजन गंभीरता और सामाजिक जिम्मेदारी के वातावरण में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप राम ने छात्र-छात्राओं, एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए भावुक और प्रेरणादायक संदेश दिया।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. दिलीप राम ने कहा कि
“आप किसी के लिए केवल एक व्यक्ति हो सकते हैं, लेकिन अपने परिवार के लिए आप पूरी दुनिया हैं। इसलिए अपने जीवन की कीमत समझें। तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें।”
उनके इस संदेश ने उपस्थित सभी लोगों को गहराई से प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है। लापरवाही, तेज गति, यातायात नियमों की अनदेखी तथा हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग न करना दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। इन हादसों में कई लोग असमय काल के गाल में समा जाते हैं, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है।

प्राचार्य ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह अथवा माह मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में कमी लाना है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों और सेविकाओं की भूमिका की सराहना की गई। स्वयंसेवकों ने 1 जनवरी से 31 जनवरी तक लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। शपथ कार्यक्रम और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।

समापन समारोह में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएंगे। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी नियम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी सावधानी और जागरूकता कई जिंदगियों को बचा सकती है।

मौके पर उपस्थित:
जिला युवा अधिकारी कंचन कुमारी, उप प्रमुख अमित कुमार सिंह, अक्षय कुमार सहित सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, एनएसएस, एनसीसी स्वयंसेवक-सेविकाएं एवं महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर