रिपोर्ट: सुधीर सिन्हा
गिरिडीह, 06 फरवरी। नगरपालिका आम चुनाव–2026 के तहत नाम निर्देशन व नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी कार्यक्रमों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद गिरिडीह नगर निगम के महापौर पद के लिए 16 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 17 (सभी महिला) तथा धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 14 अभ्यर्थी अंतिम सूची में हैं।
वार्ड स्तर पर मुकाबला
नगर निकाय के सभी वार्डों से कुल 370 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें 20 नाम वापसी के बाद 350 अभ्यर्थी शेष हैं। इनमें 166 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। अधिकांश वार्डों में बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी है, जबकि कई वार्डों में महिला प्रत्याशियों की संख्या उल्लेखनीय रही।
मतदान केंद्र और सुरक्षा
जिले में कुल 166 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 58 अतिसंवेदनशील, 35 संवेदनशील और शेष सामान्य श्रेणी के हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पूरे नगर निकाय चुनाव के लिए जिला स्तर से पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था की जाएगी ताकि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
मीडिया एवं प्रचार-प्रसार के लिए सख्त दिशा-निर्देश
प्रेस वार्ता में मीडिया निगरानी से जुड़े दिशा-निर्देशों को दोहराते हुए बताया गया कि—
- बिना मुद्रक/प्रकाशक का नाम-पता वाले किसी भी प्रचार सामग्री का प्रकाशन वर्जित है।
- प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया, केबल नेटवर्क, बल्क SMS/वॉयस मैसेज के लिए MCMC से पूर्व अनुमति अनिवार्य है।
- मतदान दिवस व उससे एक दिन पहले प्रिंट विज्ञापन के लिए MCMC की अनुमति जरूरी होगी।
- बिना अनुमति प्रचार सामग्री पेड न्यूज की श्रेणी में आएगी।
- MCMC कोषांग सूचना भवन, गिरिडीह में 24×7 कार्यरत रहेगा।
उपायुक्त ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों के साथ चुनाव को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







