प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा आकांक्षी प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत आत्मा, पाकुड़ के सौजन्य से आयोजित इस मेले का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, नवीन खेती तकनीक और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर किसानों द्वारा उत्पादित फल, सब्जी और फसलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के ऋण स्वीकृति पत्र और सॉयल हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया, ताकि किसानों को खेती के लिए आर्थिक और तकनीकी मदद मिल सके। कृषि वैज्ञानिकों व अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती अपनाने, आधुनिक तकनीक का उपयोग करने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में प्रखंड व जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।







