जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
मेदिनीनगर। शहर के ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल में प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. एस. सी. मिश्रा (सुभाष चंद्र मिश्रा) को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 9 मार्च को लंबी बीमारी के बाद 80 वर्ष से अधिक आयु में उनका निधन हो गया था। वे GLA कॉलेज डाल्टनगंज के अंग्रेजी विभाग के प्रथम सदस्यों में शामिल रहे थे।
विद्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक और विद्यार्थियों ने प्रो. मिश्रा के जीवन और योगदान को याद किया। वक्ताओं ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रेरणादायक शिक्षक, उत्कृष्ट वक्ता और ईमानदार व्यक्तित्व बताया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि प्रो. मिश्रा ने अपने शिक्षण कार्य के माध्यम से कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे डाल्टनगंज की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
श्रद्धांजलि के रूप में विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों ने एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके जीवन मूल्यों—ज्ञान, विनम्रता और समाज सेवा—को याद किया गया। कार्यक्रम के अंत में उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।





