अक्षय कुमार सिंह
रांची। बुधवार को मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, योगेंद्र प्रसाद ने रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा यूनिसेफ, झारखंड द्वारा आयोजित Climate Resilient WASH in Schools विषय पर आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला और स्वच्छ एवं हरित मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (2025-26) कार्यक्रम में सहभागिता की।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री का पुष्पगुच्छ एवं नन्हा पौधा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय मंत्री जी ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। जलवायु परिवर्तन की वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए विद्यालयों में WASH व्यवस्था को सुदृढ करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल वातावरण मिल सके। मंत्री जी ने आगे कहा कि स्वच्छ और हरित विद्यालय राज्य सरकार की केवल एक पहल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने का सशक्त माध्यम है।


उन्होंने इस दिशा में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा यूनिसेफ, झारखंड के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विद्यालयों से स्वच्छता एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार जीतने वाले विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने पुस्तक का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षकगण, विशेषज्ञ एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।









