गोविंदपुर प्रमाणिक टोला की घटना, आपसी कलह से तंग आकर वारदात, आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद।
पाकुड़: महेशपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर (प्रमाणिक टोला) में आपसी पारिवारिक विवाद के कारण एक पति द्वारा अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गांव के बाहर झाड़ियों में छिपे हुए अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर (प्रमाणिक टोला) निवासी नरेश मुर्मू (31) ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पिता धनेश्वर मुर्मू ने उनकी मां सुशीला हेम्ब्रम की हत्या कर दी है। आवेदन के आधार पर महेशपुर थाना में कांड संख्या 39/2026, दिनांक 14 मार्च 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहर झाड़ियों में छिपा हुआ है। इसके बाद तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।।पूछताछ में आरोपी धनेश्वर मुर्मू (61) ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे आपसी विवाद से तंग आकर उसने गुस्से में आकर धारदार भुजाली (दाव) से कई वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद वह पुलिस से बचने के लिए गांव के बाहर झाड़ियों में छिप गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार भुजाली (दाव) को बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी धनेश्वर मुर्मू, पिता स्व. पोजु मुर्मू, ग्राम गोविंदपुर (प्रमाणिक टोला), थाना महेशपुर, जिला पाकुड़ का निवासी है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल,
इस कार्रवाई में महेशपुर थाना प्रभारी पु.अ.नि. रवि शर्मा, रद्दीपुर ओपी प्रभारी पु.अ.नि. अजय कुमार उपाध्याय, पु.अ.नि. दीपक कुमार, पु.अ.नि. अजय कुमार महतो, आरक्षी राजेश हेम्ब्रम, आरक्षी अंकित कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।








